तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अंदरूनी कलह अब सार्वजनिक मंच पर आ चुकी है। पार्टी की दो तेजतर्रार सांसद—महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी—के बीच हुई तीखी बहस ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। इस विवाद के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने महुआ मोइत्रा को पार्टी से निलंबित करने की चेतावनी दी है।
क्या है विवाद?
4 अप्रैल को चुनाव आयोग के दफ्तर में एक ज्ञापन सौंपने पहुंचे TMC सांसदों के बीच जोरदार बहस हो गई। बताया जा रहा है कि महुआ मोइत्रा, लोकसभा में बोलने का पर्याप्त समय न मिलने से नाराज थीं, जिसकी जिम्मेदारी फ्लोर मैनेजमेंट देख रहे कल्याण बनर्जी(Kalyan Banerjee) पर आती है। इसी को लेकर दोनों में टकराव हुआ।
भाजपा ने लीक किया वीडियो और चैट
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस झगड़े का एक वीडियो और TMC के व्हाट्सएप ग्रुप ‘AITC MP 2024’ की कथित चैट्स सोशल मीडिया पर शेयर कीं। वीडियो में कल्याण बनर्जी(Kalyan Banerjee) को गुस्से में चिल्लाते और एक महिला सांसद पर टिप्पणी करते देखा गया। वहीं व्हाट्सएप चैट में भी दोनों पक्षों में तीखा संवाद देखने को मिला।
एक संदेश में कल्याण बनर्जी ने एक महिला नेता पर कटाक्ष करते हुए लिखा, “उस दिन उसका कोई प्रेमी पीछे नहीं खड़ा था, सिर्फ मैं था… आज भी वही आदमी उसके पीछे खड़ा है जिसे वह गिरफ्तार करवाना चाहती है।” इसके जवाब में सांसद कीर्ति आज़ाद ने उन्हें “किशोर अपराधी” जैसा व्यवहार न करने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें : वाराणसी गैंगरेप केस: 7 दिनों तक 19 वर्षीय युवती से 23 दरिंदों ने किया दुष्कर्म
ममता बनर्जी का हस्तक्षेप
सूत्रों के मुताबिक, इस विवाद की जानकारी मिलते ही ममता बनर्जी ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों सांसदों को संयम बरतने की सलाह दी। राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन के ज़रिए महुआ को ममता का संदेश पहुंचाया गया, जिसमें उन्हें पार्टी से निलंबन की सख्त चेतावनी दी गई।
TMC की छवि पर असर
भाजपा द्वारा लीक किए गए वीडियो और चैट ने तृणमूल कांग्रेस को असहज स्थिति में डाल दिया है। पार्टी की आंतरिक कलह सार्वजनिक होने से चुनावी माहौल में उसकी छवि को झटका लग सकता है। ममता बनर्जी द्वारा दी गई चेतावनी यह दर्शाती है कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने को लेकर अब सख्त रुख अपनाया जा रहा है।