बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। अक्सर ही उन्हें उनके कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया (Shikhar Pahariya) के साथ स्पॉट किया जाता है। हालांकि, इस बार शिखर पहाड़िया अपने एक बयान की वजह से चर्चा में आ गए हैं।
दिवाली पोस्ट पर किया गया जातिगत कमेंट
दरअसल, शिखर पहाड़िया ने पिछले साल दिवाली के मौके पर अपने पालतू जानवरों और जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) के साथ कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों पर एक सोशल मीडिया यूजर ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए लिखा- ‘लेकिन तू तो दलित है।’ आमतौर पर सेलेब्रिटीज ऐसे ट्रोल्स को नज़रअंदाज कर देते हैं, लेकिन इस बार शिखर ने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने ट्रोलर को करारा जवाब देते हुए कहा कि 2025 में भी ऐसी सोच रखना बेहद शर्मनाक है।
यह भी पढ़ें : समय रैना को महाराष्ट्र साइबर सेल ने भेजा दूसरा समन, 19 मार्च को पेश होने का आदेश
शिखर पहाड़िया का जवाब- ‘अछूत कुछ है तो आपकी सोच’
शिखर ने इस कमेंट का जवाब अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर देते हुए लिखा, “यह वास्तव में दयनीय है कि 2025 में भी आप जैसे छोटे और पिछड़ी मानसिकता वाले लोग मौजूद हैं। दिवाली प्रकाश, प्रगति और एकता का त्यौहार है – ऐसी अवधारणाएँ जो स्पष्ट रूप से आपकी सीमित बुद्धि से परे हैं। भारत की ताकत हमेशा इसकी विविधता और समावेशिता में रही है, जिसे आप स्पष्ट रूप से समझने में विफल रहे हैं।
शायद अज्ञानता फैलाने के बजाय, आपको खुद को शिक्षित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि अभी, यहाँ एकमात्र चीज़ जो सच में ‘अछूत’ है, वह आपकी सोच है।”
शिखर पहाड़िया कौन हैं?
शिखर पहाड़िया एक बिजनेसमैन और पोलो प्लेयर हैं। वह पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के पोते हैं। इसके अलावा, वह लंदन में वधावन ग्लोबल कैपिटल के साथ इन्वेस्टमेंट एनालिस्ट के तौर पर काम भी कर चुके हैं। 2013 में, उन्होंने रॉयल जयपुर पोलो टीम के सदस्य के रूप में बर्कशायर पोलो क्लब, लंदन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
शिखर और जान्हवी का रिश्ता
शिखर पहाड़िया और जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) के रिलेशनशिप को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बावजूद इसके, उन्हें कई बार साथ में स्पॉट किया गया है। चाहे कोई फैमिली फंक्शन हो या कोई इवेंट, दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ नजर आते हैं।
फैंस कर रहे सपोर्ट
शिखर पहाड़िया के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जमकर सपोर्ट कर रहे हैं। कई लोगों ने उनके जवाब की तारीफ की और कहा कि इस तरह के ट्रोल्स को करारा जवाब देना जरूरी है। वहीं, कुछ यूजर्स ने जातिगत टिप्पणियों की निंदा की और कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए बेहद घातक है।
शिखर पहाड़िया का यह जवाब दिखाता है कि आज भी समाज में जातिवाद जैसी कुरीतियां मौजूद हैं, लेकिन अब लोग इसके खिलाफ खुलकर आवाज उठाने लगे हैं।