Debendra Pradhan Dies : वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. देबेंद्र प्रधान का सोमवार को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “डॉ. देबेंद्र प्रधान ने एक मेहनती और विनम्र नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ओडिशा में भाजपा को मजबूत करने के लिए कई प्रयास किए। सांसद और मंत्री के रूप में उनका योगदान गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण में उल्लेखनीय रहा। उनके निधन से बहुत दुख हुआ।”
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उन्होंने ओडिशा और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक नेता श्री देबेंद्र प्रधान के निधन से दुखी हूं। उन्हें कई वर्षों से जानने के कारण मुझे सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को देखने का अवसर मिला।”
यह भी पढ़ें : Orry and 7 Others Booked for Consuming Alcohol Near Vaishno Devi Shrine
अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे थे प्रधान
डॉ. देबेंद्र प्रधान अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में 1999 से 2001 तक भूतल परिवहन और कृषि राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके थे। इसके अलावा, वह ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके थे और पार्टी को राज्य में मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम रही।
ओडिशा के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, “डॉ. प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और कुशल सांसद थे। उन्होंने एक जनप्रतिनिधि के रूप में कई कल्याणकारी कार्य किए, जिससे वे जनता के बीच अत्यधिक सम्मानित हुए।”
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. प्रधान का राज्य भाजपा के संगठन को मजबूत करने में बहुत योगदान रहा। उन्होंने कहा, “राज्य ने एक प्रभावशाली राजनीतिक नेता और लोकप्रिय व्यक्ति को खो दिया है।”
Dr. Debendra Pradhan का पुरी में होगा अंतिम संस्कार
डॉ. प्रधान (Debendra Pradhan) का पार्थिव शरीर आज शाम भुवनेश्वर पहुंचेगा और उनकी इच्छा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार पुरी के स्वर्गद्वार में किया जाएगा। उनका निधन ओडिशा और देश के राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति मानी जा रही है।