Swelling on the face in the morning : सुबह उठते ही अगर आपका चेहरा सूजा-सूजा नजर आता है, तो इसे हल्के में न लें। यह सिर्फ नींद या थकान का असर नहीं, बल्कि कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। चेहरे की यह सूजन कई बार शरीर में छिपी समस्याओं की ओर इशारा करती है, जिनकी समय पर पहचान और इलाज जरूरी है।
1. एंजियोएडेमा: एलर्जी से जुड़ी समस्या
अगर आपके चेहरे के निचले हिस्से में सूजन आती है, तो यह एंजियोएडेमा हो सकता है। यह एक एलर्जिक रिएक्शन है, जो अक्सर दवाओं, खाने की चीजों या किसी बाहरी एलर्जी कारक की वजह से होता है। इसमें त्वचा के नीचे तरल पदार्थ जमा हो जाता है, जिससे चेहरा फूला हुआ दिखता है। ऐसी स्थिति में ब्लड टेस्ट कराना जरूरी हो जाता है।
2. थायराइड की समस्या
हाइपोथायरॉइडिज्म में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे पानी शरीर में रुक जाता है और चेहरा फूल जाता है। खासकर गाल और आंखों के आसपास सूजन ज्यादा दिखाई देती है। अगर इसके साथ गले में खराश, थकान और वजन बढ़ने जैसे लक्षण भी हों, तो थायराइड टेस्ट कराना जरूरी है।
3. सेल्युलाइटिस: बैक्टीरियल इन्फेक्शन
सेल्युलाइटिस एक गंभीर जीवाणु संक्रमण है, जो त्वचा की गहरी परतों को प्रभावित करता है। इससे त्वचा लाल, गर्म और सूजी हुई नजर आती है। अगर चेहरे पर सूजन के साथ दर्द या बुखार है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें :कैसे पहचानें असली और नकली शहद? मिलावटी शहद से सेहत को हो सकते हैं गंभीर नुकसान
4. लाइफस्टाइल और फूड हैबिट्स भी जिम्मेदार
- ज्यादा नमक: रात में नमकीन चीजें जैसे अचार, इंस्टैंट नूडल्स, बेकरी प्रोडक्ट्स आदि खाने से शरीर में वॉटर रिटेंशन होता है, जिससे चेहरे में सूजन आ सकती है।
- खराब पाचन: गैस, अपच या कब्ज के कारण भी शरीर में सूजन आती है, जो चेहरे पर दिखाई देती है।
- कमजोर लिंफेटिक सिस्टम: यह सिस्टम शरीर से विषाक्त पदार्थ निकालता है। इसके कमजोर होने से फ्लूइड जमा होता है और चेहरे में सूजन दिखती है।
5. घरेलू उपाय और बचाव
- अदरक-नींबू की चाय सुबह खाली पेट लें, यह पाचन सुधारता है।
- त्रिफला रात को सोने से पहले लें, शरीर डिटॉक्स होता है।
- धनिया के बीज रातभर पानी में भिगोकर सुबह पानी पिएं, यह वॉटर रिटेंशन कम करता है।
- चेहरे की मसाज सोने से पहले हल्के हाथों से करें, लिंफेटिक ड्रेनेज बेहतर होता है।
अगर यह समस्या बार-बार हो रही है या साथ में और लक्षण भी दिख रहे हैं, तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें। नियमित जांच और सही दिनचर्या से इस समस्या से बचा जा सकता है।
चेहरे पर सूजन(Swelling on the face) इन कारणों से हो सकती है
- शरीर में पानी की कमी या ज्यादा होने से
- बहुत कम सोना या ज्यादा सोने की वजह से
- ओरल इंजेक्शन की वजह से
- दवाओं के रिएक्शन की वजह से
- महिलाओं में पीरियड्स की वजह से
Note : इस लेख में दी गई जानकारी सिर्फ आपके सामान्य ज्ञान के लिए है। स्वास्थ्य संबंधी कोई भी निर्णय लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।